बलरामपुर के रमना पार्क में आराम करते अभ्यर्थी।-संवाद
अभ्यर्थियों के लिए की गई निशुल्क ठहरने की व्यवस्था, आज व कल सात केंद्रों पर होगी परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर। 30 व 31 अगस्त को सात केंद्रों पर होने वाली सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए अभ्यर्थी बृहस्पतिवार से ही जिले में पहुंचने लगे। राजस्थान व बिहार समेत प्रदेश के कई जनपदों से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रमना पार्क में निशुल्क ठहरने की व्यवस्था की गई है।
सिपाही भर्ती परीक्षा देने राजस्थान से आए नरेश ने बताया कि उनके भाई की कानपुर में परीक्षा थी। वहां परीक्षा दिलवाने के बाद भाई के साथ यहां आ गया हूं। 30 अगस्त की पहली पाली में मेरी परीक्षा है। बिहार के उदय सिंह ने बताया कि दो दिन पहले बिहार से चला था। आज दोपहर यहां पहुंचा हूं। 30 अगस्त को दूसरी पाली में परीक्षा है। इसी तरह जितेंद्र व धीरज भी सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए बिहार से जिले में पहुंचे।
देर रात जारी रहा अभ्यर्थियों के आने का सिलसिला
30 अगस्त को होने वाली सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी देर रात तक आते रहे। रोडवेज बस एवं ट्रेनों से अभ्यर्थी जिले में पहुंचे। होटल व लॉज शाम होते ही फुल हो गए। इसके बाद अभ्यर्थियों को ठहरने के लिए इधर-उधर चक्कर लगाना पड़ा। वहीं आरएसएस की तरफ से रमना पार्क में अभ्यर्थियों के लिए निशुल्क ठहरने की व्यवस्था की गई।