एक से ऑनलाइन आवेदन करने वाले प्रधानों को मिलेगा मौका
नौ थीम पर गांवों का विकास कराने वाली ग्राम पंचायतें होंगी शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर। गांवों के विकास कार्यों में उत्कृष्ट कार्यों को करने वाली जिले की पांच ग्राम पंचायतों के प्रधानों को पुरस्कृत किया जाएगा। मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना में प्रधानों को एक सितंबर से आवेदन करने का मौका दिया गया है। हमारी पंचायत पोर्टल पर प्रधानों को नौ थीम पर अपने गांव के विकास का ब्योरा ऑनलाइन आवेदन में अपलोड करना है।
मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना मूल्यांकन वर्ष 2023-24 में नौ थीम पर उत्कृष्ट काम करने वाले प्रधानों को एक सितंबर से ऑनलाइन आवेदन करने का मौका दिया गया है। वित्तीय वर्ष में उत्कृष्ट कार्यों का स्व मूल्यांकन करके नौ थीम पर रिपोर्ट अपलोड करानी है। जनपद परफारमेंस असेसमेंट समिति 10 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन को फ्रीज करेगी। जनपदीय समिति को जिले के सभी नौ ब्लॉकों से पांच ग्राम पंचायतों का चयन करके ऑनलाइन फ्रीज करना है। एक ब्लॉक की दो ग्राम पंचायतों का चयन नहीं किया जाएगा। दो बार मुख्यमंत्री पुरस्कार पाने वाली ग्राम पंचायतों का चयन नहीं किया जाएगा।
आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा, महिला हितैषी, गरीबी मुक्त, स्वस्थ, बालमैत्री, स्वच्छ व हरित, पर्याप्त जलयुक्त एवं सामाजिक रूप से सुरक्षित रुप में गांवों को विकसित बनाने पर 10-10 अंक व सुशासन वाला गांव पर 20 अंक प्राप्त कर सकते हैं। जिला स्तरीय समिति को 25 अक्तूबर तक चयन करना है। राज्य समिति को 25 नवंबर तक चयनित पांच ग्राम पंचायतों की रिपोर्ट भेजनी है। अभिलेखों के साथ 10 दिसंबर तक पांच ग्राम पंचायतों की रिपोर्ट संस्तुति करके फ्रिज की जाएगी। राज्य स्तरीय समिति को 25 दिसंबर तक शासन को रिपोर्ट भेजना है। 15 जनवरी को पुरस्कार की धनराशि ग्राम पंचायतों के खातों में भेजी जाएगी।
पुरस्कारों की संख्या एवं धनराशि का विवरण
जिला परियोजना प्रबंधक आकाश शर्मा बताते हैं मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार में संख्या व धनराशि तय कर दी गई है। जिले के सभी नौ ब्लॉकों से पांच प्रधानों का चयन किया जाना है। पहला विजेता 35 लाख, दूसरा विजेता 30 लाख, तीसरा विजेता 20 लाख, चौथा विजेता 15 लाख एवं पांचवां विजेता 10 लाख रुपये का पुरस्कार पाएगा।
मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार में नौ थीम चयनित की गई हैं। इसमें उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रधानों से ऑनलाइन आवेदन कराने की जिम्मेदारी डीपीआरओ श्रेया उपाध्याय को सौंपी गई है। -संजीव कुमार मौर्य, सीडीओ