बलरामपुर। सवारी बनकर सीएनजी ऑटो में बैठा एक युवक चालक के कुछ देर के लिए उतरते ही ऑटो लेकर भाग गया। चार दिन तक चोरी का ऑटो अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखने के बाद जब वह उसे लेकर अपने घर जा रहा था, तभी उतरौला पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी का सीएनजी ऑटो भी बरामद हुआ।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि गोंडा जिले के शेखापुरवा निवासी रामपाल ने 26 जुलाई को उतरौला कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि 25 जुलाई को जोगीवीर क्षेत्र से उनका सीएनजी ऑटो चोरी हो गया था। तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार राज ने शुक्रवार को बभनी बुजुर्ग प्राथमिक विद्यालय के पास एक सीएनजी ऑटो को रोककर जांच की। इस दौरान ऑटो की नंबर प्लेट काली पन्नी से ढकी मिली। पन्नी हटाने पर पता चला कि यह वही ऑटो है, जिसकी चोरी की रिपोर्ट दर्ज थी। पुलिस ने चालक रहमान अहमद निवासी जवाहरनगर, कस्बा मनकापुर (जनपद गोंडा) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन वह सवारी बनकर ऑटो में बैठा था। जोगीवीर के पास चालक चाबी लगी छोड़कर शौच के लिए उतर गया। इसी दौरान उसने मौका पाकर ऑटो स्टार्ट किया और लेकर भाग गया। इसके बाद वह कई दिनों तक वाहन को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखता रहा। जब उसे लगा कि अब पुलिस उसे नहीं पकड़ पाएगी, तो वह सिद्धार्थनगर की ओर से महुआधनी होते हुए मनकापुर जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।