बलरामपुर। विकास भवन सभागार में बुधवार को जल संचयन और सुरक्षा विषय पर कार्यशाला कराई गई। कार्यशाला में पंचायतीराज विभाग आगाखान फाउंडेशन व यूनीसेफ के लोगों ने प्रतिभाग किया। प्रोजेक्टर के माध्यम से फिल्म दिखाकर जल के बर्बादी को रोकने के तरीके बताए गए। सीडीओ अमनदीप डुली में दीप प्रज्जवलित कर कार्यशाला का शुभारंभ किया।
सीडीओ ने कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। जल बर्बादी रोककर आने वाली पीढ़ी को तमाम परेशानियों से बचाया जा सकता है। कार्यशाला को एक्सईएन जलनिगम मनोज कुमार सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि पाइप पेयजल योजना के तहत नगरों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को शुद्घ पेयजल मुहैया कराने का प्रयास किया जा रहा है।
जिले के सभी नौ ब्लॉकों के 100 से अधिक ग्राम पंचायतों में पानी की टंकियों का निर्माण कराने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। पांच हजार से अधिक आबादी वाले गांवों को चयनित किया गया है। कई ग्राम पंचायतों में पानी की टंकियों का निर्माण भी कराया जा रहा है। गहरे स्टेटा वाले इंडिया मार्का-टू हैंडपंपों के साथ सामान्य इंडिया मार्का-टू हैंडपंपों को लगवाने के लिए जनप्रतिनिधियों के माध्यम से शासन को प्रस्ताव भेजे गए हैं।
डीपीआरओ नरेश चंद्र, डीसी मनरेगा महेंद्र देव पांडेय व बीएसए कृषि सुवाष चंद्रा आदि ने भी विभागीय योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। आगा फाउंडेशन के स्टेट टीम लीडर जयराम पाठक, यूनीसेफ के प्रदीप अग्रहरि, स्टेट कंसलटेंट वाटर सेफ्टी अक्षय जैन व गौरव मिश्र ने कार्यशाला में मौजूद ग्राम पंचायत सचिवों, प्रधानों व तकनीकी सहायकों आदि को जल की बर्बादी रोकने के संबंध में लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी।