फोटो-23-बलरामपुर के गौरा चौराहा थाने में फरियाद सुनते डीएम व अन्य ।-स्रोत : विभाग
बलरामपुर/महराजगंज तराई/सादुल्लाहनगर। जिले के सभी 16 थानों में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में भूमि विवादों से जुड़े मामलों की भरमार रही। महराजगंज तराई थाना क्षेत्र के जुड़ाडीह (रूपनगर) निवासी किसान मुकेश कुमार ने शिकायत की कि गांव का प्रधान प्रतिनिधि जेसीबी से उनकी कृषि भूमि पर जबरन सड़क निकालने का प्रयास कर रहा है। विरोध करने पर धमकी भी दी जा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए नायब तहसीलदार ने पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम से मौके पर पैमाइश कर जांच कराने के निर्देश दिए।
इसी समाधान दिवस में खवास बनकटवा निवासी उदयराज ने अपनी पुरानी आबादी की भूमि पर कब्जे के प्रयास की शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप है कि विपक्षियों ने उनकी बांस की कोठी काट दी और घूर हटाकर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की।
महराजगंज तराई थाने में आयोजित समाधान दिवस में नायब तहसीलदार शिवेंद्र पटेल और क्षेत्राधिकारी डीके श्रीवास्तव ने कुल सात शिकायतें सुनीं, जिनमें से तीन का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
गौरा चौराहा थाने में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में भी अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद से संबंधित रहीं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर पैमाइश करें तथा तथ्यों के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि भूमि विवादों का समय पर समाधान होने से अनावश्यक तनाव और कानून-व्यवस्था संबंधी समस्याओं से बचा जा सकता है। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय और उपजिलाधिकारी सदर अतुल कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सादुल्लाहनगर थाने में अपर जिलाधिकारी ज्योति राय ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। जिले के सभी 16 थानों में आयोजित समाधान दिवस के दौरान कुल 117 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 98 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 19 मामलों को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।