बलरामपुर। कोरोना महामारी की रोकथाम में वैक्सीनेशन ही प्रमुख हथियार माना जा रहा है। वैक्सीन की कमी टीकाकरण की रफ्तार में बाधा बन रही है। वैक्सीन की कमी से जिले में कलस्टर टीकाकरण अभियान भी नहीं चल पा रहा है।
अभी तक सिर्फ चार लाख 65 हजार 882 लोगों का टीकाकरण हुआ जिसमें तीन 82 हजार 642 लोगों को प्रथम डोज एवं 83 हजार 240 लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज दी गई है। समय पूरा होने के बाद भी करीब 60 हजार लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।
जिला कोल्डचेन प्रबंधक श्याम जी मिश्रा ने बताया कि हेल्थ केयर वर्कर व फ्रंट लाइन वर्कर के साथ ही 18 वर्ष से अधिक उम्र वालों को कोरोना टीका लगाने के लिए प्रतिदिन सभी स्वास्थ्य केन्द्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में वृहद टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है।
टीकाकरण की गति में तेजी लाने के लिए जिले में कलस्टर अभियान चलाया जाना था। कुछ दिनों तक तीन ब्लॉकों में कलस्टर अभियान चलाया भी गया लेकिन वैक्सीन की कमी के चलते कलस्टर अभियान ठप पड़ा है। हलांकि 55 से 60 स्थानों पर टीकाकरण सत्र का आयोजन कर छह से सात हजार लोगों को प्रतिदिन कोरोना टीका लगाया जा रहा है।
कलस्टर टीकाकरण अभियान शुरु करने के लिए करीब 25 हजार डोज वैक्सीन प्रतिदिन की आवश्यकता है। कलस्टर अभियान शुरु करने के लिए वैक्सीन की डिमांड भेजी जा रही है। पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन मिलने पर कलस्टर अभियान के टीकाकरण की गति बढ़ाई जाएगी।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एके वर्मा ने बताया कि वैक्सीन की दूसरी डोज देने के लिए सभी टीकाकरण स्थलों पर पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध कराई जा रही है। लोगों को टीकाकरण के लिए लगातार जागरुक किया जा रहा है। कोरोना की तीसरी लहर आने की संभावना को देखते हुए टीकाकरण में तेजी लाने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।
जिन लोगों का समय पूरा हो गया है वह लोग अपने नजदीकी टीकाकरण स्थल पर जाकर वैक्सीन की दूसरी डोज अवश्य ले लें। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही कदापि न बरतें।