-बलरामपुर में सोमवार की दोपहर आसमान में छाये बादल।-संवाद
बलरामपुर। दिनभर आसमान में बादल छाए रहने से सोमवार को मौसम सुहाना रहा। हालांकि, शाम होते-होते आसमान साफ हो गया और धूप भी निकली, लेकिन ठंडी हवाएं चलने से लोगों को गर्मी महसूस नहीं हुई। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं गरज के साथ बूंदाबांदी होगी।
सोमवार को सुबह से लेकर दोपहर बाद तक बादल छाए रहे और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को गर्मी महसूस नहीं हुई। दोपहर बाद कुछ देर के लिए धूप निकाली लेकिन शाम होते ही ठंड हवाओं के बीच फिर बादल छा गए। हवा और बदली के बीच खेती-किसानी के कामों में भी तेजी आई। किसान राम किशोर, मंगल प्रसाद, इब्राहिम, सुरेश व राजू आदि ने बताया कि तीन-चार दिनों से तेज धूप के कारण दोपहर के समय खेतों में काम नहीं हो पा रहा था। बादल छाए रहने से मौसम ठंड है, जिससे खेती का काम निपटाने में आसानी हो रही है।
उधर, ठंड हवा एवं बादल छाए रहने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल गई है। जिला कृषि अधिकारी पीसी विश्वकर्मा ने बताया कि जिले में गेहूं कटाई का काम 85 प्रतिशत किसानों ने पूरा कर लिया है। जिन किसानों ने अभी तक गेहूं कटाई का काम नहीं किया है, उन्हें शीघ्र कटाई कराने की अपील की गई है। मौसम खराब होने पर आम की फसल को नुकसान हो सकता है।