बलरामपुर। नगर निवासी आठ वर्षीय बच्चे की लखनऊ के अपोलो अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों का दावा है कि अस्पताल में हुई जांच में बच्चे को निमोनिया के साथ इंफ्लुएंजा वायरस टाइप-बी से संक्रमित पाया गया था। मामले की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। शनिवार देर शाम जिला मलेरिया अधिकारी के नेतृत्व में विभागीय टीम बच्चे के घर पहुंची और परिजनों से पूरे मामले की जानकारी जुटाई।
नगर के सिटी पैलेस रोड निवासी निजी चिकित्सक डॉ. अख्तर रसूल के आठ वर्षीय बेटे वली रसूल को 21 अक्टूबर को बुखार आया था। दवा देने के बावजूद आराम नहीं मिलने पर परिजनों ने उसका उपचार शुरू कराया। 24 अक्टूबर को बच्चे को खिचड़ी खिलाते समय खून की उल्टी होने लगी। इसके बाद परिजन उसे बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. महेश वर्मा के पास ले गए। जांच में बच्चे की टीएलसी (कुल श्वेत रक्त कोशिकाओं की संख्या) दो हजार और हीमोग्लोबिन नौ ग्राम दर्ज किया गया। यहां भी खून की उल्टी होने पर चिकित्सकों ने उसे लखनऊ ले जाने की सलाह दी।
बच्चे के पिता डॉ. अख्तर रसूल ने बताया कि पहले बेटे को दुबग्गा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत बिगड़ने पर उसे मिडलैंड अस्पताल ले जाया गया। वहां जांच में टीएलसी घटकर एक हजार और हीमोग्लोबिन 6.5 ग्राम रह गया। चिकित्सकों ने निमोनिया और पेट में अल्सर होने की बात बताई। बच्चे को खून चढ़ाने के साथ वेंटिलेटर पर भी रखा गया, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उसे अपोलो अस्पताल ले जाया गया। डॉ. अख्तर रसूल के मुताबिक, वहां पीआईसीयू के प्रभारी डॉ. सीपी सिंह ने जांच के बाद निमोनिया और इंफ्लुएंजा वायरस टाइप-बी संक्रमण की पुष्टि की। इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई।
पिता ने अस्पतालों पर गुमराह करने का लगाया आरोप
डॉ. अख्तर रसूल ने अस्पतालों में किए गए उपचार और मरीज की स्थिति के बारे में दी गई जानकारी पर सवाल उठाए हैं। वहीं, जिला मलेरिया अधिकारी राजेश पांडेय ने बताया कि सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम बच्चे के घर पहुंची थी। उन्होंने कहा कि किसी अस्पताल में इस तरह के संक्रमण की जांच होने पर संबंधित अस्पताल को इसकी जानकारी यूनिफाइड डिजीज सर्विलांस पोर्टल पर अपलोड करनी होती है। इस मामले में संबंधित अस्पताल की ओर से पोर्टल पर सूचना अपलोड नहीं की गई है। मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।