बलरामपुर। उतरौला नगरवासियों ने बीते दिन कलेक्ट्रेट पहुंचकर एडीएम को डीएम को संबोधित ज्ञापन सौंपा है। नगरवासियों ने अतिक्रमण हटवाए जाने की मांग की है। शीघ्र अतिक्रमण न हटवाए जाने पर नगरवासियों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
नगरवासी रामजीत तिवारी, नवीन कुमार, संतोष कुुमार तिवारी, अमित तिवारी, अंकित तिवारी, चैतू तिवारी, अश्वनी तिवारी व रामदेव आदि ने डीएम को संबोधित ज्ञापन में कहा है कि उतरौला नगर के सुभाषनगर वॉर्ड में कुछ लोगों ने सड़क पर अतिक्रमण कर लिया है।
रास्ते पर अतिक्रमण के चलते वार्ड के लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। एसडीएम से मामले की कई बार शिकायत की गई लेकिन अभी तक अतिक्रमण नहीं हटवाया गया है। अतिक्रमण न हटवाए जाने से वार्ड के लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है।
इन लोगों ने डीएम से मामले की जांच कराकर अतिक्रमण हटवाए जाने की मांग की है। शीघ्र कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार शुक्ल ने उतरौला एसडीएम एके गौड़ को मामले में कार्रवाई करने और कार्रवाई रिपोर्ट से डीएम को भी अवगत कराने का निर्देश दिया है।