फोटो-18-बलरामपुर के परिषदीय विद्यालय में एक्टिविटी कार्यक्रम में मौजूद विद्यार्थी ।-स्रोत : वि
बलरामपुर। जिले के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में शनिवार को आयोजित नो बैग डे के तहत विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर केंद्रित विविध शैक्षिक गतिविधियां आयोजित की गईं। खेल-खेल में सीखने की इन गतिविधियों ने बच्चों में रचनात्मकता, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और सामान्य ज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाई।
शिवपुरा शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय अंबरनगर में प्रधानाध्यापक कमल किशोर ने वंडर बॉक्स के माध्यम से बच्चों को विभिन्न जानवरों के परिवारों की जानकारी दी तथा हिंदी और अंग्रेजी वर्णमाला का अभ्यास कराया। चित्रकला प्रतियोगिता में शिवा पाठक ने प्रथम, नंद कुमार ने द्वितीय और नीरज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
श्रीदत्तगंज के पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय विशंभरपुर में विद्यार्थियों ने बेकार प्लास्टिक की बोतलों का पुनर्चक्रण कर आकर्षक हैंगिंग तैयार किए। इनमें जेट प्लांट और लक्ष्मण बूटी के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। शिक्षिका सुनीता पांडेय ने कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों में रचनात्मक सोच के साथ प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करती हैं।
उधर, कंपोजिट विद्यालय नगर पालिका में अखबार वाचन गतिविधि आयोजित की गई। प्रधानाध्यापक अरुण कुमार मिश्र ने विद्यार्थियों से समाचार पत्र की प्रमुख खबरें पढ़कर सुनाने को कहा। मोहम्मद अल्तमश, मोहम्मद इसरार, कायनात खान, मोहम्मद अरशद, दीपांशु, नरगिस और साजिद सहित अन्य विद्यार्थियों ने प्रभावी प्रस्तुति देकर अपने सामान्य ज्ञान और अभिव्यक्ति कौशल का परिचय दिया। विद्यालयों में आयोजित इन गतिविधियों की शिक्षकों और अभिभावकों ने सराहना की।