बलरामपुर के कंपोजिट विद्यालय नगर पालिका में पाक कला का प्रदर्शन करती छात्राएं ।
- फोटो : रेलवे के आरक्षण केंद्र पर टिकट के लिए कतार में खड़े लोग।
बलरामपुर। नगर क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय नगर पालिका में मंगलवार को प्राथमिक स्तर के छात्र-छात्राओं ने रचनात्मक कार्य प्रदर्शनी का आयोजन किया। बच्चों ने जहां मिट्टी से विभिन्न प्रकार के खिलौने और दैनिक उपयोग वाली वस्तुएं तैयार कीं, वहीं कुकिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वादिष्ट व्यंजन बनाकर पाक कला का प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि बीईओ नगर रामकुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर रचनात्मक कार्य प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। विद्यार्थी लक्ष्य, आकाश, मरियम, नुस्बा, राज, वंदना, कायनात, मिस्बाह, चांदनी, उवैस व आदित्य आदि ने मटर छोला, कचालू, पास्ता, टिकिया व कॉफी आदि स्वादिष्ट व्यंजन बनाकर अपनी पाक कला का प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि के साथ शिक्षकों ने बच्चों द्वारा बनाए गए व्यंजनों का स्वाद चखा और प्रशंसा की। मिट्टी कला में इरा, बंधना, अल्फिशा, मरहबा, हिना, मिस्बाह व दिशा आदि ने मिट्टी के खिलौने व अन्य वस्तुएं बनाकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का परिचय दिया।
बीईओ ने विद्यार्थियों से उनके बनाए गए मिट्टी की वस्तुओं के बारे में पूछताछ की तथा उनके उत्साह को सराहा। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से बच्चों में सृजनात्मकता और आत्मविश्वास दोनों का विकास होता है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरुण कुमार मिश्र ने अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर सहायक अध्यापक शमा खान, रौशन आरा, आमना खातून व रीता देवी सहित अन्य मौजूद रहे।