बलरामपुर। कोविड-19 महामारी के चलते 25 मार्च से स्कूल बंद कर दिए गए थे। अब सरकार के निर्णय के बाद 10 फरवरी को पहले दिन सभी स्कूलों में कक्षा आठ की पढ़ाई शुरू की जाएगी। प्रत्येक सप्ताह कक्षाओं के संचालन के लिए स्कूलों में समय तय कर दिए गए हैं। मंगलवार को जिले के 613 स्कूलों में सभी संसाधनों को चाक-चौबंद करा दिया गया है। सभी स्कूलों में सैनिटाइजेशन के साथ किचन, मिडडे मील के राशन, शौचालयों व परिसर की साफ-सफाई कराई गई है।
बीएसए डॉ. रामचंद्र ने बताया कि शासन के निर्देश पर स्कूलों में कक्षाओं का संचालन कराने के लिए समय निर्धारित कर दिए गए हैं। 10 फरवरी को पहले दिन 395 कंपोजिट, 256 उच्च प्राथमिक व 14 सहायता प्राप्त स्कूलों के कक्षा आठ के छात्र-छात्राओं को सरकार, प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी की गई गाइडलाइन का पालन कराते हुए पढ़ाया जाएगा। सोमवार व गुरुवार को कक्षा छह, मंगलवार व शुक्रवार को कक्षा सात और बुधवार व शनिवार को कक्षा आठ के छात्र-छात्राओं को स्कूलों में पढ़ाया जाएगा।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरन आनंद व उप शिक्षा निदेशक देवीपाटन मंडल गोंडा विनय मोहन वन के दिशा-निर्देश का पालन कराने का जिम्मा सभी बीईओ, हेडमास्टरों व शिक्षकों को सौंपा गया है। रेहरा बाजार शिक्षा क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय सहजौरा के हेडमास्टर अब्दुर्रजाक ने बताया कि सहायक अध्यापक श्रीराम, रामकरन, अफजल अहमद, मुक्ता यादव व ममता तिवारी के साथ विद्यालय प्रबंध समिति के पदाधिकारियों और अभिभावकों के साथ बैठक कर स्कूल का सैनिटाइजेशन कराया गया। किचन के बर्तनों के साथ परिसर व शौचालय आदि की साफ-सफाई कराई गई। मिडडे मील बनवाने के लिए राशन भी धुलकर सुखाया गया है। सब्जी आदि का भी इंतजाम किया गया है।
पायनियर पब्लिक स्कूल के प्रबंधक एमपी तिवारी ने बताया कि विद्यालय में सैनिटाइजेशन कराया गया है। सभी बच्चों से कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराया जाएगा। गैसड़ी शिक्षा क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय जमुनी कला में शौचालय की साफ-सफाई के साथ रसोइयों ने बर्तनों की साफ-सफाई की। रेहरा बाजार शिक्षा क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर अरना में विद्यालय कैंपस, सभी शिक्षण कक्षाओं के फर्नीचर, उपकरण, पानी की टंकी, किचेन, वाशरुम, प्रयोगशाला व लाइब्रेरी आदि की साफ-सफाई कराई गई। विद्यालयों में मल्टीपल हैंडवॉश सक्रिय करा दिया गया है। डिजिटल थर्मामीटर, सैनिटाइजर व साबुन आदि का इंतजाम किया गया है। अभिभावकों के साथ बैठक करके छात्र-छात्राओं को स्कूल भेजने के लिए सहमति पत्र भरवाया गया है।
स्कूलों के सामने बच्चों के लिए गोले भी बनवाए गए हैं। डीसी निरंकार पांडेय ने बताया कि जिले के सभी जूनियर हाई स्कूलों को चाक-चौबंद करा दिया गया है। एमडीएम के डीसी फिरोज अहमद ने बताया कि मिडड मील बनवाने के लिए स्कूलों में सभी इंतजाम पहले से ही करा दिए गए हैं। डीआईओएस गोविंद राम ने बताया कि 10 फरवरी से चार राजकीय, 19 वित्त पोषित माध्यमिक व 112 वित्तविहीन स्कूलों में कक्षा छह से आठ तक की कक्षाओं का संचालन कराने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी पवन कुमार सिंह ने बताया कि 25 मदरसों में कक्षा छह से आठ तक की पढ़ाई के लिए प्रधानाचार्यों व प्रबंधकों को व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कराने का निर्देश जारी किया जा चुका है।
स्कूलों में कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कराने का निर्देश
परिषदीय, माध्यमिक व मदरसों में 10 फरवरी से कक्षा छह से आठ तक के स्कूलों का संचालन शुरू कराया जाएगा। बेसिक, माध्यमिक व मदरसा विभागों के अधिकारियों को स्कूलों में सरकार, प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी गाइड लाइन का अनुपालन कराने का निर्देश दिया गया है। - श्रुति, डीएम