तुलसीपुर। नगर के आनंदमार्ग मोहल्ला निवासी कर अधिवक्ता सत्य प्रकाश गुप्त के पुत्र कान्हा (10) की बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों के मुताबिक बृहस्पतिवार को कान्हा घर की छत पर दोपहर में खेलने गया था। बताया जा रहा है कि मोहल्ले में एक मकान की छत से दूसरी छत के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन के तार कहीं से क्षतिग्रस्त थे। सत्यप्रकाश ने बताया कि यह तार बालकनी में लगे लोहे के खंभे और रेलिंग से स्पर्श कर रहे थे, जिससे पूरे लोहे के ढांचे में करंट उतर आया था। खेलते समय जैसे ही कान्हा ने लोहे के पावे को पकड़ा, वह तेज करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही बुरी तरह झुलस गया।
काफी देर तक जब कान्हा घर के अंदर नहीं आया तो बच्चे को ढूंढना शुरू किया। छत पर पहुंचने पर वह अचेत अवस्था में पड़ा मिला। यह देख परिजनों के होश उड़ गए। आननफानन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चिकित्सक डॉ. सौम्या नायक ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पावर कारपोरेशन के उपखंडीय अधिकारी अवधेश प्रताप ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। फिलहाल बिजली की लाइन से जुड़ा मामला नहीं है। किसी के कनेक्शन का तार टूटा होगा, जिसकी जानकारी विभाग को नहीं दी गई है।