बलरामपुर के परसाहवा गांव में रोते-बिलखते मृतक के परिजन।-संवाद
बलरामपुर। नेपाल में बारिश के चलते जिले में बाढ़ ने दस्तक दे दी है। ललिया के परसाहवा गांव में घर में भरे बाढ़ के पानी में डूबकर पांच वर्षीय बालक की मौत हो गई। वहीं, उतरौला में राप्ती नदी ने कटान तेज कर दी है। प्रशासन की टीम ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है।
पहाड़ी नाला हेगहा, गौरिया, कचनी, धोबिनिया व बहदिनवा में उफान आ गया है। हेगहा पहाड़ी नाले पर परसाहवा व मदारगढ़ गांव के पास पूर्वी छोर की ओर 250 मीटर गाइड बांध टूट गया है। इससे बाढ़ का पानी परसाहवा, मदारगढ़ व कमदी गांव में भर गया है। बाढ़ के पानी से परसाहवा गांव में पांच वर्षीय सत्यम की डूबने से मौत हो गई। पिता बच्छराज पासवान ने बताया कि सत्यम घर में खेल रहा था। घर में भरे बाढ़ के पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।
मदारगढ़ व कमदी गांव में भी बाढ़ का पानी भर गया है। जानवरों का चारा व डेहरी में रखा अनाज भीगकर खराब हो गया है। बाढ़ के पानी से परसाहवा गांव से लालपुर विशुनपुर मार्ग पर कमदी गांव के पास तीन फीट तक पानी भर गया है। शिवपुरा से झागीडीह गांव जाने वाले मार्ग पर चकैया नाले पर पानी पुल के ऊपर से बह रहा है। जिससे आवागमन बाधित है। बलरामपुर सदर तहसीलदार अखिलेश कुमार ने बताया कि बाढ़ को लेकर राजस्वकर्मियों को सतर्क कर दिया गया है।
वहीं, उतरौला के लालनगर, सुरैया देवर, महुआ धनी, रूस्तम नगर, गोनकोट व परसौना में राप्ती नदी कटान कर रही है। इससे यहां रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। एसडीएम अवधेश कुमार ने बताया कि राजस्वकर्मियों को अलर्ट कर दिया गया है।
एसडीएम तुलसीपुर अभय कुमार सिंह व पचपेड़वा के नायब तहसीलदार अजय विक्रम सिंह ने सोमवार को महाराजगंज तराई में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान ग्रामीणों से बाढ़ की जानकारी ली। क्षतिग्रस्त तटबंध का अवलोकन कर व्यवस्थाएं परखीं। नायब तहसीलदार ने बताया कि बाढ़ को लेकर प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। लेखपालों को सक्रिय रहकर निरंतर निगाह रखने के निर्देश दिए गए हैं।