बलरामपुर। गैड़ास बुजुर्ग विद्युत उपकेंद्र के बिलासपुर गांव में करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि संविदाकर्मी झुलस गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गैड़ास बुजुर्ग खास गांव निवासी इसराइल ने बताया कि रविवार शाम उनके भाई अफजल अली (26) को संविदा बिजलीकर्मी देवेंद्र यादव अपने साथ लेकर गया था। देर रात सूचना मिली कि बिलासपुर गांव में अफजल को करंट लग गया है, जहां से ग्रामीणों ने एंबुलेंस से उसे सीएचसी पहुंचाया है। जब वह सीएचसी पहुंचे तो चिकित्सकों ने बताया कि अफजल की मृत्यु हो चुकी है। वहीं, संविदाकर्मी देवेंद्र यादव झुलस गया है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसराइल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
अवर अभियंता आकाश रावत ने बताया कि देवेंद्र यादव संविदाकर्मी हैं। करंट से झुलसने पर उनका उपचार चल रहा है। वहीं, अफजल अली वहां किसके बुलाने पर गए थे और उनकी मौत कैसे हुई, इसकी जांच कराई जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। अधिशासी अभियंता उतरौला-तुलसीपुर विश्वास कुमार का कहना है कि इस बारे में बिजली विभाग के थाने से जानकारी ली जा रही है।
अफजल की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। चार वर्षीय अब्दुर्रहमान व एक माह के अब्दुर्रहीम के सिर से पिता का साया उठ गया। पत्नी रेहाना खातून बार-बार बेहोश हो जा रही थीं। मृतक के पिता फतेह मोहम्मद भी पावर कॉर्पोरेशन में संविदाकर्मी थे। दो वर्ष पहले लाइन ठीक करते समय करंट की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई थी।
मृतक के भाई इसराइल ने बताया कि उनके भाई अफजल अली से बिजलीकर्मियों द्वारा कागज जमा कराकर संविदा पर नियुक्ति कराने का वादा करके काम कराया जा रहा था। विभाग की लापरवाही के कारण ही अफजल की मौत हुई है।