बलरामपुर। लालपुर भलुहिया गांव के समदा तालाब में नहाते समय बालक गहरे पानी में डूब गया। आसपास के लोगों ने बालक को तालाब से निकालकर अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवारीजनों ने बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया है।
सादुल्लाहनगर थाना क्षेत्र के लालपुर भलुहिया निवासी अख्तर अली ने बताया कि उनका बेटा किस्मत अली (9) गांव के पूरब स्थित समदा तालाब पर बुधवार को नहाने गया था। पांव फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
तालाब से मिट्टी निकालने गई महिलाओं व मछली का शिकार करने वालों ने तालाब के बाहर चप्पल पड़ी देखी तो किस्मत अली की तलाश शुरू की गई। काफी देर बाद उसे बाहर निकाला गया।
इसके बाद उसे निजी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया। बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक सादुल्लाहनगर थाना राज कुमार सरोज ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है।