सोमवार को देवीपाटन शक्तिपीठ स्थित विश्राम कक्ष में जाते सीएम योगी आदित्यनाथ।
- फोटो : BALRAMPUR
तुलसीपुर (बलरामपुर)। पूजा अनुष्ठान में भाग लेने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार शाम करीब चार बजे देवीपाटन शक्तिपीठ तुलसीपुर पहुंच गए है। मुख्यमंत्री यहीं पर रात्रि विश्राम करेंगे। रात्रि विश्राम के बाद मंगलवार सुबह 8.30 बजे मुख्यमंत्री लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार से राजकीय हेलीकाप्टर से भवनियापुर हेलीपैड पहुंचे। वहां से मुख्यमंत्री सीधे देवीपाटन शक्तिपीठ में चले गए। इस शक्ति के पीठाधीश्वर भी मुख्यमंत्री ही हैं। मंदिर सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यहां पर पिछले सात दिनों से एक अनुष्ठान चल रहा था। इस अनुष्ठान का सोमवार को समापन था। मंदिर में पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने अनुष्ठान के समापन में भाग लिया। समापन में भाग लेने के बाद वह सीधे अपने विश्राम कक्ष में चले गए।
पूर्व की सूचना के मुताबिक मुख्यमंत्री को पचपेड़वा ब्लॉक के इमिलिया कोडर में दीन दयाल शोध संस्थान परिषद में बने थारू जनजाति के संग्रहालय व मिनी स्टेडियम का उद्घाटन भी करना था। प्रशासन ने रविवार से ही पूरी तैयारी कर रखी थी। मुख्यमंत्री वहां नहीं गए।
देवीपाटन शक्तिपीठ में मुख्यमंत्री से मिलने के लिए सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, गैसड़ी विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू तथा पूर्व सांसद दद्दन मिश्रा भी पहुंचे थे। संभावना है कि देर शाम यह लोग मुख्यमंत्री से मुलाकात कर जिले के हालात पर चर्चा करेंगे। देवीपाटन शक्तिपीठ के महंत मिथिलेश नाथ योगी ने बताया कि मुख्यमंत्री रात्रि विश्राम मंदिर में ही करेंगे। रात्रि विश्राम के बाद मंगलवार सुबह करीब 8.30 बजे लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे। इस अवसर पर डीएम कृष्णा करुणेश, एसपी देवरंजन वर्मा सहित तमाम जिला स्तरीय अधिकारी मंदिर परिसर में मौजूद थे।