बलरामपुर। परिवहन विभाग की तरफ से तीसरे सड़क सुरक्षा सप्ताह के दूसरे दिन मंगलवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराया गया। सीएमएस इंटर कॉलेज के छात्रों ने रैली निकालकर बड़ों को यातायात नियमों की जानकारी दी। बच्चों ने रैली के माध्यम से लोगों को जागरुक किया।
छात्र-छात्राओं की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए प्रधानाचार्य सीएमएस इंटर कालेज केपी यादव ने कहा कि सड़क पर हो रही दुर्घटनाएं काफी दर्दनाक है। दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए हम सभी को यातायात नियमों का अनुपालन अवश्य करना चाहिए। छोटी सी चूक के चलते ही जीवन गवां देते हैं। यातायात नियमों का अनुपालन कर हम सभी सड़क दुर्घटनाओं में कमी ला सकते हैं।
एआरटीओ अरविंद कुमार यादव ने प्रधानाचार्य की तरफ से किए गए जागरूकता प्रयास की सराहना की और कहा कि समाज की जागरूकता के चलते ही किसी कार्य को बेहतर किया जा सकता है। जागरूकता की कमी होने से सड़क दुर्घटनाएं हो रही है। लोगों को जागरूक करके सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है। रैली का नेतृत्व पीटीओ प्रेम चंद्र व सीएमएस इंटर कॉलेज के शिक्षकों ने किया। पीपल तिराहा व वीर विनय चौराहा होते हुए नगर भ्रमण के बाद रैली स्कूल पहुंचकर समाप्त हुई।