बलरामपुर। लोगों की सेहत की जांच के लिए अस्पतालों में लगाए गए हेल्थ एटीएम खराब हो गए हैं, इसके चलते यहां से मरीजों को निराश लौटना पड़ रहा है। मरीज व तीमारदार निजी पैथाेलॉजी पहुंच कर महंगे दामों पर जांच कराने के लिए मजबूर हैं।
महदेईया बाजार स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में अगस्त 2023 में हेल्थ एटीएम मशीन लगवाई गई थी। कुछ दिनों तक तो मरीजों की जांच हुई। इसके बाद तकनीकी खराबी के कारण हेल्थ एटीएम का संचालन बंद हो गया। इसके बाद जिम्मेदारों ने हेल्थ एटीएम को बनवाने में दिलचस्पी नहीं दिखाई।
महदेइया बाजार निवासी वसीम, राहुल व लकी आदि ने बताया कि अस्पताल में हेल्थ एटीएम लगा था तो आस जगी थी कि अब खून से संबंधित हर प्रकार की जांच कुछ ही मिनटों में हो जाएगी। जांच कराने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। मशीन शुरू होने के एक-दो महीने के बाद से ही तकनीकी खामी आ गई। इसके बाद अधिकारियों ने इसे ठीक नहीं कराया।
दो सीएचसी पर नहीं लगे हेल्थ एटीएम
जिले के दो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर तो हेल्थ एटीएम ही नहीं लगे हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र श्रीदत्तगंज और नंदनगर खजुरिया में हेल्थ एटीएम की सुविधा नहीं है। ऐसे में यहां आने वाले मरीजों को जांच कराने के लिए भटकना पड़ता है।
हेल्थ एटीएम से 50 प्रकार की होती हैं जांचें
हेल्थ एटीएम खून से संबंधित जांच करने की आधुनिक तकनीक है। इसमें एक बूंद खून से 50 से ज्यादा प्रकार की जांचें संभव हैं। इसमें हीमोग्लोबिन, लिपिड प्रोफाइल, मधुमेह, डेंगू, मलेरिया, टीएलसी, डीएलसी, ऑक्सीजन स्तर, ईसीजी, रक्तचाप, डिहाईड्रेशन, मोटापा, ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल आदि की जांच आसानी से बिना समय गंवाए हो जाती है।
मरम्मत के लिए भेजा जाएगा प्रस्ताव
जिन-जिन अस्पताल में हेल्थ एटीएम खराब हैं, वहां की सूची तैयार कराई गई है। जल्द ही मरम्मत के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा। - डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी, सीएमओ