बलरामपुर। शारदीय नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की गई। मंदिरों पर माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों के जयकारों से पूरा शहर गुंजायमान रहा। शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर एवं बिजलेश्वरी देवी मंदिर में भोर पहर से देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही।
शारदीय नवरात्र के पहले दिन बृहस्पतिवार को घरों में लोगों ने कलश स्थापना कर नवरात्र व्रत का शुभारंभ किया। तुलसीपुर स्थित शक्तिपीठ देवीपाटन में भक्तगण मां के दर्शन के लिए आतुर दिखे। भक्तों ने शक्ति स्वरूपा मां पाटेश्वरी को पुष्प, धूप, दीप, अक्षत, नारियल व चुनरी आदि चढ़ाकर सुख-समृद्धि की कामना की। नगर के बिजलीपुर मंदिर पर मां बिजलेश्वरी के दर्शन के लिए भक्तगण घंटों कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। इसके अतिरिक्त झारखंडी मंदिर, कालीमाता मंदिर, सम्मय माता मंदिर व बड़िकी बहिनी थान सहित सभी दुर्गा मंदिरों में भक्तों ने मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद मांगा। तुलसीपुर स्थित नई देवी मंदिर, रहिया देवी मंदिर व झिंगहा माता मंदिर में भी लोगों ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की।
उतरौला नगर के सुभाषनगर, आर्यनगर, फक्कड़दास मंदिर, ज्वाला महारानी मंदिर व पिपलेश्वर महादेव स्थित दुर्गा मंदिरों पर मां की पूजा अर्चना कर उनसे मंगल कामना की गई। इसके अलावा गैसड़ी, पचपेड़वा, ललिया, हरैया सतघरवा, श्रीदत्तगंज, महदेइया बाजार, रेहरा बाजार, सादुल्लाहनगर, पेहर बाजार व गैड़ास बुजुर्ग में स्थित देवी मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।
अयोध्या के ब्राह्मणों ने किया पूजन
तुलसीपुर। शक्ति देवी पाटन मंदिर में नवरात्र के प्रथम दिन मंदिर के पीठाधीश्वर मिथलेश नाथ योगी ने मां की पूजा-अर्चना की। मां की विधि विधान से पूजा होने के उपरांत मंदिर परिसर में कलश स्थापना कर नौ दिवसीय पूजन का प्रारंभ अयोध्या से आए हुए ब्राह्मणों ने किया। मंदिर के मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खोया पाया केंद्र सहित अन्य प्रबंध किए गए हैं। नवरात्र की अष्टमी तक दुर्गा सप्तशती मां का पाठ किया जाएगा, अष्टमी के दिन हवन किया जाएगा।
सुरक्षा के रहे व्यापक इंतजाम
जिले के सभी देवी मंदिरों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में सीसीटीवी कैमरे से श्रद्धालुओं की निगरानी की गई। इसके अलावा अन्य मंदिरों पर भी सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई। देवीपाटन मंदिर के महंत मिथिलेश नाथ योगी ने बताया कि मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।