बलरामपुर। पिछड़े जिले को अगड़े जिलों से आगे बढ़ाने में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों ने इस बार ऐसा दम दिखाया, जिसकी गूंज पूरे प्रदेश में रही। मेडल, प्रशस्तिपत्र और सम्मान मेधावियों की मेहनत का नतीजा हैं। ऐसे ही निरंतर परिश्रम करते रहें, जिससे आसानी से मंजिल तक पहुंच सकें। अमर उजाला की ओर से शहर के महारानी लाल कुवंरि महाविद्यालय के सभानार में सोमवार को आयोजित भविष्य ज्योति सम्मान समारोह में ये बातें मुख्य अतिथि मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर रविशकंर सिंह ने कहीं।
कुलपति व अटल बिहारी वाजपेई चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार चतुर्वेदी ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। समारोह में यूपी बोर्ड, सीबीएसई, सीआईएससीई के टॉपर को सम्मान मिला। साथ ही इन विद्यालयों के प्रधानाचार्य व शिक्षक भी सम्मानित किए गए। अध्यक्ष जिला पंचायत आरती तिवारी, एमएलके पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. जेपी पांडेय, समाज सेवी श्याम मनोहर तिवारी, महंत बृजानंद महराज ने मेधावियों और विद्यालयों के प्रबंधक व शिक्षकों को सम्मानित किया।
यूपी बोर्ड परीक्षा के इंटरमीडिएट के टॉपर दिव्यांश तिवारी, जैनब खान, शशि, आदर्श उपाध्याय, हाईस्कूल के टॉपर्स में शामिल प्रीति सिंह, विश्वास तथा अरशद को अतिथियों ने सम्मानित किया। इसके साथ ही सीबीएसई के मेधावियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान लेफ्टिनेंट के पद चयनित अभिजीत श्रीवास्तव व उनके माता-पिता को सम्मानित किया गया। समारोह का संचालन संजय शुक्ल ने किया। इस मौके पर सेंट जेवियर्स के शिक्षक अखिलेश तिवारी, जीजएस एंड मैरी के मो. वसीम खान, स्कालर्स एकेडमी के प्रबंधक मो. असलम, एचजेएमएस इंटर कॉलेज के प्रबंधक कुतुबुद्दीन, पायनियर पब्लिक विद्यालय के डाॅ. एमपी तिवारी, स्टार वर्ल्ड के प्रबंधक विनोद कलहंस, ऋतुराज सिंह बालिका इंटर कॉलेज के प्रबंधक बलराम धर दुबे, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष प्रतिनिधि डीपी सिंह, बलरामपुर फर्स्ट के संयोजक सर्वेश सिंह आदि मौजूद रहे।
विद्यार्थियों को दिए तरक्की के टिप्स
मुख्य अतिथि कुलपति प्रोफेसर रविशंकर सिंह ने कहा किसी भी काम को करने के लिए निर्धारित लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों पर किसी विषय को लेकर दबाव न बनाने की अपील की। कुलपति ने कहा कि विद्यार्थी उत्साह में रहें और कॅरिअर ऐसा चुनें, जो देश के लिए हो। नौकरी के लिए पढ़ाई न करें, जबकि ऐसी पढ़ाई करें जिससे नौकरी पीछे-पीछे चले। अपने अनुभव साझा करने के साथ ही पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के बारे में बताकर प्रोत्साहित किया। मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय में विश्व स्तरीय कोर्स प्रारंभ करने की जानकारी दी।
विद्यार्थियों पर जताया गर्व, कहा कि हम हुए आगे..
एमएलके पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर जेपी पांडेय ने विद्यार्थियों पर गर्व जताया। कहा कि हम विद्यार्थियों की बदौलत पूरे मंडल में अव्वल रहे और प्रदेश में उल्लेखनीय स्थान रहा। विद्यार्थियों से अब समाज और देश को काफी उम्मीदें हैं, वह लक्ष्य बनाकर किसी भी क्षेत्र में जाएंगे सफलता निश्चित है।
जिम्मेदार बनें, कोई भी मंजिल कठिन नहीं
सीडीएस में लेफ्टिनेंट पद पर चयनित अभिजीत श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों से कहा कि जिम्मेदार बनें और जो भी काम मिले, उसमें 100 प्रतिशत देने का प्रयास करें। किसी दूसरे को कॉपी नहीं करें, ऑरिजनल बनें। कोई भी मंजिल कठिन नहीं है। मन में बस दृढ़ निश्चय होना चाहिए। मेधावियों को आगे भी इसी तरह मेहनत करने की जरूरत है।
सफलता के लिए ईमानदारी, समयबद्धता और अनुशासन जरूरी
अटल बिहारी वाजपेई चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि सफलता के लिए तीन चीजों का होना बहुत जरूरी है। ईमानदारी, समयबद्धता और अनुशासन। विद्यार्थी सुबह पढ़ाई करें, इससे सीखने की क्षमता बढ़ती है। पढ़ाई की कोई स्ट्रीम मायने नहीं रखती, बल्कि मायने यह रखता है कि आप किस दिशा में ऊर्जा लगा रहे हैं। ज्ञान के बराबर पृथ्वी पर कोई भी चीज नहीं है। विद्यार्थी शिक्षकों की सहायता से कठिन से कठिन मुकाम हासिल कर सकते हैं। बताया कि पहली बार में सफलता न मिले तो निराश न हों, जो खामियां रहीं उन्हें दूर कर और शानदार प्रदर्शन की तैयारी करनी चाहिए। आत्मविश्वास और खुद पर भरोसा जरूरी है। अतिउत्साह से बचना चाहिए। इसलिए हर स्तर पर संतुलन भी जरूरी है।
शारीरिक और मानसिक रूप से रहे दुरुस्त
जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी ने 12वीं उत्तीर्ण करने वाले मेधावियों से आईआईटी, नीट, सीयूईटी परीक्षा के बारे में बताया। कहा विद्यार्थी शारीरिक और मानसिक रूप से खुद को फिट रखें। कहा कि जिस दिशा में कॅरिअर बनाना है, उसके लिए अभी से शुरुआत करें। बुनियाद मजबूत होगी तो राह में आने वाली बाधाएं भी मंजिल को पाने से रोक नहीं पाएंगी। लक्ष्य बड़ा रखें, उसके लिए प्रयास भी करें। उन्होंने मेधावियों को साइबर सुरक्षा को लेकर भी जागरूक किया। कहा कि, पढ़ाई हमेशा जारी रखिए। इससे आप निरंतर सीखते रहेंगे। भविष्य एआई और रोबोटिक्स का है, इसलिए खुद को अपडेट रखें।
आप ही वर्तमान हैं और भविष्य
बैंक अधिकारी संजय शुक्ल ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आप ही वर्तमान हैं और भविष्य भी। उन्होंने कहा कि अभिभावकाें ने मेहनत की और अपने लिए हर चीज में कटौती की ताकि आप आगे बढ़ सकें। अब उनकी अपेक्षाओं को पूरा करने की छात्रों की बारी है।
अभिभावक और शिक्षक हुए गौरवान्वित
समारोह में पहले दिन मेडल और प्रशस्तिपत्र पाकर जहां मेधावी उत्साहित थे, वहीं अभिभावक और शिक्षक भी इस उपलब्धि पर गौरवान्वित दिखे। इस दौरान मेधावी अपने शिक्षकों और माता-पिता के साथ सेल्फी लेते नजर आए।
सम्मान समारोह में इनका रहा सहयोग
सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंड्री स्कूल, जीसस एंड मैरी स्कूल एंड कॉलेज, पायनियर पब्लिक स्कूल, स्टार वर्ड्स पब्लिक स्कूल, ऋतुराज सिंह बालिका इंटर कॉलेज मुड़िला तुलसीपुर, सिटी मांटेसरी इंटर कॉलेज बलरामपुर, एचजेएमएस इंटर कॉलेज शेरपुर चमरूपुर, एचआरए इंटर कॉलेज उतरौला, राम तीरथ चौधरी इंटर कॉलेज उतरौला, माया देवी मेमोरियल इंटर कॉलेज तुलसीपुर, स्कालर्स अकाडमी इंटर कॉलेज उतरौला एवं जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी।