फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना प्रोटोकाल का पालन कर मनाएं शारदीय नवरात्र

विज्ञापन
विज्ञापन
बलरामपुर। कोरोना के बढ़ते प्रकोप के चलते इस बार कोरोना प्रोटोकाल के तहत शारदीय नवरात्र के कार्यक्रम आयोजित होंगे। नगर कोतवाली में बीते दिन पीस कमेटी की बैठक में सदर एसडीएम डॉ. नागेंद्र नाथ यादव ने जिला प्रशासन की तरफ से जारी गाइडलाइन का हवाला दिया। सार्वजनिक स्थलों पर प्रतिमाएं स्थापित नहीं की जा सकेंगी। प्रशासन से अनुमति लेकर घरों व सुरक्षित स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में छोटी-छोटी प्रतिमाएं स्थापित करने की सलाह दी गई है।
विज्ञापन

एसडीएम ने कहा कि सरकार व जिला प्रशासन ने कोरोना को ध्यान में रखकर शारदीय नवरात्र, दशहरा, बारावफात, वाल्मीकि जयंती, छोटी व बड़ी दीपावली और गोवर्धन पूजा के कार्यक्रमों आयोजित करने के लिए गाइडलाइन जारी की है। जो लोग 17 अक्तूबर से शुरू हो रहे शारदीय नवरात्र में दुर्गा प्रतिमा स्थापित करना चाहते हैं उन्हें इस बार छोटी से छोटी प्रतिमा रखनी होगी।
उन्होंने बताया कि सड़क, चौराहों, सार्वजनिक व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर न तो प्रतिमाएं स्थापित होंगी और न ही किसी प्रकार का कोई आयोजन किया जाएगा। जिस स्थान पर प्रतिमाएं रखीं जाएंगी, उस स्थान के मालिक की संस्तुति अनिवार्य है। प्रतिमाएं रखने वाले आयोजकों को संबंधित थाने व कोतवाली में प्रार्थना पत्र देना होगा।
विज्ञापन

किसी भी प्रकार के डीजे व तेज ध्वनि वाले यंत्रों का प्रयोग नहीं किया जाएगा। प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी कैमरे लगे होने चाहिए जिससे प्रतिदिन होने वाली भीड़ के बारे में प्रशासन नजर रख सके। पंडाल में लगे माइक से कोरोना महामारी के बचाव, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन, मास्क व सैनिटाइजर का प्रयोग करने के संबंध में लोगों को जागरूक किया जाएगा।
पूजा पंडाल पर बिजली विभाग का एक नामित अधिकारी भी नियुक्त किया जाएगा। विसर्जन के दिन चौराहों और सड़क पर जाम की स्थिति और भीड़भाड़ न हो, इसके लिए सुबह 10 बजे से लेकर शाम चार बजे तक ही देवी प्रतिमाएं विसर्जित की जाएंगी। इसके लिए आयोजकों को संबंधित कोतवाली व थानों से अनुमति लेनी होगी और अनुमति के बाद ही छोटे वाहनों से प्रतिमाएं ले जा सकेंगे।
सरकार व प्रशासन की तरफ से जारी गाइडलाइन की प्रति आयोजकों को उपलब्ध कराई जाएगी। गाइडलाइन का पालन करने के लिए सभी आयोजकों को शपथ पत्र भी देना होगा। केंद्रीय दुर्गा पूजा समन्वय समिति के राजकुमार श्रीवास्तव ने कहा कि सरकार व जिला प्रशासन की तरफ से जारी गाइडलाइन को ध्यान में रखकर शीघ्र ही प्रतिमा स्थापित करने वाले लोगों के साथ बैठक करके निर्णय लिया जाएगा। 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चे, गर्भवती व 65 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को घर में रहकर सभी पर्व मनाने की सलाह दी गई है।
एएसपी अरविंद मिश्र ने सभी लोगों से कोरोना महामारी को ध्यान में रखकर पर्व मनाने की अपील की। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष किताबुन्निशा के प्रतिनिधि शाबान अली ने कहा कि शारदीय नवरात्र की बैठक करके सरकार व प्रशासन के निर्णय के अनुसार कार्य करने का फैसला लिया गया है। बैठक में सीओ सिटी वरुण मिश्र, कोतवाल राजितराम, कुसुम चौहान, शहर मुफ्ती मौलाना मसीह अहमद कादरी, संजय शर्मा व विक्की शर्मा आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें