बलरामपुर। हरैया सतघरवा ब्लॉक क्षेत्र के अति पिछड़ी जाति बाहुल्य गांव धर्मपुर और मजगवां में 30.98 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। दोनों गांवों में पक्की सड़क बनने से ग्रामीणों को बारिश के मौसम में आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।
ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को गति देने के लिए जिले में एकीकृत विकास योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत अति पिछड़ी जाति बाहुल्य ग्राम पंचायतों में विशेष रूप से विकास कार्य कराए जाते हैं। इसी योजना के तहत हरैया सतघरवा ब्लॉक के धर्मपुर और मजगवां गांव में पक्की सड़क निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया था।
प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद दोनों गांवों के लिए 15.49-15.49 लाख रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है। बजट आवंटित होने के बाद संबंधित विभाग ने निविदा प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। अब जल्द ही दोनों गांवों में सीसी सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा।
ग्रामीण गंगेश, योगेश और मुन्नू ने बताया कि गांव में अभी कच्चा रास्ता है। बारिश के दिनों में जलभराव और कीचड़ के कारण आवागमन में काफी परेशानी होती है। पक्की सड़क बनने से ग्रामीणों को इस समस्या से निजात मिलेगी और आवागमन सुगम होगा।
एडीएम वित्त एवं राजस्व संदीप केला ने बताया कि दोनों गांवों में जल्द ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा।