तुलसीपुर। सड़क हादसे में युवक की मौत के मामले में पुलिस अधीक्षक के आदेश पर बाइक चालक और ट्रक चालक पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। महाराजगंज तराई थाना क्षेत्र के नवीनगर धनौढ़ा निवासी जहीर ने बताया कि 28 जून को उनका पुत्र अकबाल गांव के समशाद के साथ बाइक से तुलसीपुर से शिवानगर जा रहा था।
दोपहर करीब 12 बजे तुलसीपुर टोल प्लाजा के आगे गैस एजेंसी के पास हरीराम मौर्य की बाइक ने गलत दिशा से आकर उनकी बाइक में टक्कर मार दी। आरोप है कि टक्कर के बाद उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे यातायात नियमों के विपरीत खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में अकबाल की मौत हो गई, जबकि समशाद गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि चालक पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।