बलरामपुर। उतरौला में बारह-रबी-उल अव्वल के जुलूस में फलस्तीनियों के समर्थन में नारेबाजी करने वाले युवकों को पुलिस तलाश रही है। वायरल वीडियो के आधार पर अब तक पांच लोगों को चिह्नित किया गया है। वहीं, श्री सिद्धि विनायक सेवा समिति की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
श्री सिद्धि विनायक सेवा समिति, गांधीनगर उतरौला के पदाधिकारी अभिषेक गुप्ता, अनिल कुमार, उज्जवल, अश्वनी कुमार, जगदीश चंद, रितेश कुमार व सागर गुप्त ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें कहा कि गांधीनगर पुलिस चौकी के निकट गणेश प्रतिमा के पंडाल के सामने बारह-रबी-उल अव्वल के जुलूस में आपत्तिजनक नारेबाजी की गई। इस दौरान शांति व्यवस्था भंग करने के साथ ही धार्मिक भावनाओं को भड़काने का प्रयास किया गया। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार दुबे ने बताया कि श्री सिद्धि विनायक सेवा समिति की तहरीर पर पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वायरल वीडियो के आधार पर अब तक पांच लोगों को चिह्नित किया गया है। वीडियो की विस्तृत जांच की जा रही है। एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव ने बताया कि उतरौला पुलिस मामले की जांच कर रही है।