बलरामपुर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पचपेड़वा में कंप्यूटर, प्रिंटर व अन्य उपकरणों की घटिया आपूर्ति को डीएम ने गंभीरता से लिया है। आपूर्ति करने वाली संस्था के खिलाफ डीएम के निर्देश पर केस दर्ज किया गया है। संस्थान के प्रधानाचार्य से भी जवाब-तलब किया गया है। मामले की उच्च स्तरीय जांच भी कराई जा रही है।
आईटीआई विशुनपुर विश्राम पचपेड़वा में 68 लाख 60 हजार रुपये का कंप्यूटर, प्रिंटर व अन्य उपकरण खरीदने के लिए बार्डर एरिया डेवलपमेंट प्लान के तहत बजट दिया गया था। आपूर्ति के लिए शासन ने जेएम पोर्टल से टेंडरिंग कराने का कहा था लेकिन जिम्मेदारी ने इसे दर किनार कर मानमाने ढंग से ई टेंडरिंग कराई। आपूर्ति का काम भी थ्री नॉट इंडिया लिमिटेड संस्था को दिया गया। संस्था ने संस्थान में करीब 50 कंप्यूटर, प्रिंटर व अन्य उपकरण पहुंचा दिया।
आनन-फानन में सभी सामान के सही होने का प्रमाण पत्र भी संस्था को दे दिया गया। सारे उपकरण एक सप्ताह में ही खराब होने लगे। मामले की सूचना पर डीएम कृष्णा करुणेश ने तकनीकी टीम गठित कर उपकरणों की जांच कराई तो उपकरण अधोमानक पाए गए। डीएम ने प्राचार्य एके पांडेय से मामले में जवाब तलब किया है। प्राचार्य की तहरीर पर पचपेड़वा थाने में थ्री नॉट इंडिया लिमिटेड संस्था के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। डीएम ने बताया कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।