बलरामपुर। छुट्टा जानवरों के झुंड से बचने के चक्कर में ललिया थाना क्षेत्र के सिकटिहवा गांव के पास बुधवार को कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो लोग घायल हो गए। दोनों को पुलिस ने सीएचसी शिवपुरा में भर्ती कराया है।
ललिया थाने के प्रभारी निरीक्षक आरके राय ने बताया कि बुधवार को सिकटिहवा गांव के पास सड़क पर छुट्टा जानवरों के झुंड से बचने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर पलट गई है। घटना में बहराइच जनपद के दीपक गोस्वामी व उनके छोटे भाई सुनील गोस्वामी घायल हो गए हैं।
दोनों भाई हरैया थाना क्षेत्र के देवपुरा गांव में अपनी मौसी के यहां कार से जा रहे थे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी शिवपुरा में भर्ती कराया। मामले की छानबीन की जा रही है।