बलरामपुर के परसपुर गांव के पास पलटी कार ।-संवाद
हरैया सतघरवा। घने कोहरे में कम दृश्यता के चलते तुलसीपुर-श्रावस्ती रोड पर शनिवार रात करीब आठ बजे हरैया क्षेत्र के ग्राम परसपुर के पास एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार पर सवार एक ही परिवार के छह लोग घायल हो गए। एक की हालत गंभीर होने से ट्राॅमा सेंटर लखनऊ भेजा गया है।
हरैया क्षेत्र के ग्राम महमूदनगर निवासी विवेक कुमार गुप्त ने बताया कि गोंडा रोड उतरौला निवासी बहनोई मनीष कुमार (33) अपने परिवार के साथ कार से घर आए थे। शनिवार शाम को उतरौला जा रहे थे, तभी रास्ते में परसपुर गांव के पास काेहरे के चलते कार अनियंत्रित हो गई। कार में बैठे चंदू गुप्त (45), रजनी गुप्ता (28), निशा गुप्ता (22) व दो बच्चे घायल हो गए। एंबुलेंस से सभी को सीएचसी तुलसीपुर ले गए। सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मनीष की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल से ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है।