बलरामपुर। पुष्य नक्षत्र के शुभ संयोग के चलते मंगलवार को शहर के बाजार में खरीदारों में उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही दुकानों पर लोगों की भीड़ रही, जिससे व्यापारियों के चेहरे खिले रहे। कपड़ा, सराफा और सजावटी वस्तुओं की दुकानों में लोग शुभ समय का लाभ उठाते हुए खरीदारी में जुटे रहे। शाम को बाजार में और रौनक रही।
मंगलवार को जिले में करीब पांच करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। इसमें 95 लाख रुपये के आभूषण, 2.15 करोड़ रुपये के दो और चार पहिया वाहन, 17 लाख रुपये के कपड़े और 22 लाख रुपये की अन्य सजावटी व धातु की वस्तुएं शामिल रही। दीपावली से पहले बने पुष्य नक्षत्र के शुभ संयोग ने व्यापारी वर्ग को उत्साहित कर दिया। शादी, त्योहार और पूजा की तैयारी में खरीदारों ने शेरवानी, साड़ियां, बच्चों के कपड़े और गहने खरीदे।
सराफा बाजार में दीपावली पूजन के लिए चांदी के सिक्के और गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियां भी खरीदी गईं। ज्वैलर्स की दुकान पर खरीदारी करने आईं रूबी गुप्ता, सृष्टि सिंह और ममता शर्मा ने बताया कि शुभ संयोग में गहने खरीदना उनके लिए सौभाग्य की बात है। आभूषण व्यापारी आरिफ ने बताया कि शुभ नक्षत्र में लोगों में सोने व चांदी के आभूषणों की खरीद का क्रेज दिखा।
दो और चार पहिया वाहनों की बिक्री में भी तेजी
वाहन व्यवसायी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार को जिलेभर में करीब 76 दो पहिया वाहनों की बिक्री हुई है। वहीं 18 कार व ट्रैक्टर की बुकिंग हुई। कुछ ग्राहकों ने पहले से ही बुकिंग करा रखी थी।