बलरामपुर। डीबीटी की धनराशि से सभी अभिभावक अपने बच्चों का सामान खरीदें। बिचौलियों पर शिकंजा कसने के लिए सरकार ने 2.97 लाख छात्र-छात्राओं के अभिभावकों के बैंक खातों में करीब 33 करोड़ रुपये की राशि सीधे भेजी है। इस धनराशि से अभिभावकों को दो सेटों में ड्रेस, स्वेटर, बैग व जूता-मोजा खरीदना है। सभी अभिभावक डीबीटी की धनराशि से बच्चों का सामान खरीदें।
बीएसए डॉ. रामचंद्र ने गुरुवार को बताया कि जिले के 1897 प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कंपोजिट, राजकीय, वित्त पोषित व मदरसों के 2.97 लाख छात्र-छात्राओं के अभिभावकों के खाते में शासन स्तर से करीब 33 करोड़ रुपये की राशि भेजी गई है। प्रत्येक अभिभावक के बैंक खातों में शासन स्तर से सीधे 1100-1100 रुपये डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर किए गये हैं। इस धनराशि से सभी अभिभावकों को अपने पाल्य के लिए दो-दो सेटों ड्रेस, एक-एक स्वेटर, एक-एक बैग व एक-एक सेट जूते-मोजे खरीदने हैं।
बीएसए ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि इस धनराशि से अपने बच्चों के लिए शीघ्र निर्धारित सामान की खरीदारी करें जिससे जाड़े के मौसम में बच्चे पूरे परिधान के साथ विद्यालय आएं। धनराशि मिलने के बाद भी जो अभिभावक ड्रेस, स्वेटर, बैग व जूता-मोजा नहीं खरीद रहे हैं, उन्हें जागरूक करने के लिए शिक्षकों के साथ-साथ विद्यालय प्रबंध कमेटियों के पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।