बलरामपुर के तुलसीपुर में आयोजित बैठक में मौजूद लोग।-स्रोत: आयोजक
तुलसीपुर (बलरामपुर)। तुलसीपुर व्यापार मंडल व देउखुरी उद्योग वाणिज्य संघ, लमही नेपाल के पदाधिकारियों की तुलसीपुर में बुधवार हुई बैठक में व्यापार सीमा बढ़ाने पर चर्चा हुई। साथ ही नेपाल के पदाधिकारियों ने 23 जनवरी को लमही नेपाल में आयोजित होने वाले 17 दिवसीय देउखुरी कृषि पर्यटन तथा व्यापारिक महोत्सव में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया।
नेपाल के लमही के अध्यक्ष कमल जंग सिंह ठकुरी ने बताया कि जरवा कस्टम के जरिए 25,000 रुपये तक मूल्य के सामान का आवागमन मान्य है। इससे अधिक का सामान होने पर रुपईडीहा या फिर बढ़नी बॉर्डर पर भेजने से दिक्कत होती है। जरवा सीमा पर सामान लाने-ले जाने की सीमा बढ़ा दी जाए तो दोनों ओर के व्यापार में काफी बढ़ोतरी होगी। उन्होंने इसके लिए दोनों देशों के व्यापारियों के संगठनों से सक्षम अधिकारियों से बात करने का अनुरोध किया। व्यापारियों ने इन मुद्दों को उद्योग बंधु में उठाने की सहमति दी। बैठक में जिला महामंत्री दिलीप गुप्ता, अध्यक्ष श्याम बिहारी अग्रहरि, महामंत्री रूप चंद्र गुप्ता, राधेश्याम चौरसिया, प्रदीप गुप्ता, सरदार बबलू सिंह, महेश गोयल, अशोक गोयल, राम गोपाल, जय सिंह लमही नेपाल के ईश्वर सिंह, हरि थापा, पवन रिजाल, डिल्ली राज खनाल, अकबर अली, अनिल मंत्री, शिवू खनाल, राधेश्याम गुप्ता आदि मौजूद रहे।