फोटो-33-बलरामपुर के चिल्हीकला भगवानपुर में घटना स्थल पर पड़ा बच्चे का बैग ।-स्रोत: ग्रामीण
बलरामपुर। घर पहुंचने से कुछ पल पहले ही 11 वर्षीय छात्र सत्यम वर्मा की जिंदगी थम गई। देहात कोतवाली क्षेत्र के चिल्हीकला गांव में सोमवार को स्कूल बस चालक की कथित लापरवाही से छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। आरोप है कि चालक ने यह सुनिश्चित किए बिना कि बच्चा सुरक्षित उतर चुका है, बस आगे बढ़ा दी, जिससे वह संतुलन खोकर बस के पहिए के नीचे आ गया। हादसे के बाद चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। घटना से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
चिल्हीकला गांव निवासी सत्यम वर्मा (11) पुत्र रामनिवास वर्मा कक्षा एक का छात्र था और सुशीला देवी इंटर कॉलेज, भगवानपुर में पढ़ता था। सोमवार दोपहर स्कूल बस उसे रोज की तरह गांव छोड़ने पहुंची थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सत्यम जैसे ही बस से उतर रहा था, चालक ने बस आगे बढ़ा दी। इससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पिछले पहिए की चपेट में आ गया। मौके पर मौजूद लोग उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
हादसे के बाद चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस बस और चालक की तलाश में जुटी है।
मासूम की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बेटे का शव देखकर मां बदहवास हो गईं, जबकि पिता रामनिवास वर्मा समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। जिस घर में कुछ देर पहले बच्चे के स्कूल से लौटने का इंतजार हो रहा था, वहां देखते ही देखते मातम छा गया।
प्रभारी निरीक्षक गिरजेश तिवारी ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। विद्यालय के प्रबंधक विजय कुमार पांडेय ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है। वह बाहर हैं और पूरी जानकारी लेने के बाद अपना पक्ष रखेंगे।
फोटो-33-बलरामपुर के चिल्हीकला भगवानपुर में घटना स्थल पर पड़ा बच्चे का बैग ।-स्रोत: ग्रामीण