बलरामपुर। बलरामपुर-हरैया मार्ग पर शुक्रवार दोपहर गन्ना लदे ट्रक को ओवरटेक करने के चक्कर में निजी बस सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी यात्री को चोट नहीं आई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हरैया से बलरामपुर जा रही प्राइवेट बस शुक्रवार दोपहर तीन बजे परसपुर गांव के पास पहुंची। तभी गन्ना लदे ट्रक को ओवरटेक करने के चक्कर में बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में गिरकर पेड़ से टकरा गई। हादसे से अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने बस से यात्रियों को एक-एक करके बाहर निकाला। गनीमत रही कि यात्रियों को चोट नहीं आई। यात्रियों का कहना था कि भगवान का शुक्र है कि सभी बाल-बाल बच गए।
चालक पवन कुमार ने बताया कि बस में कुल 35 यात्री सवार थे। प्रभारी थानाध्यक्ष दिग्विजय यादव ने बताया कि हादसे की सूचना मिली है। जांच की जा रही है।