तुलसीपुर। नगर के हरैया तिराहे पर शुक्रवार शाम करीब पांच बजे हुए भीषण सड़क हादसे में एक निजी गुटखा कंपनी के सेल्समैन की मौत हो गई। तेज रफ्तार बस ने पीछे से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद युवक सड़क पर गिर पड़ा और बस की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक ने बस नहीं रोकी और बाइक को करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ आगे ले गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जुट गए।
मृतक की पहचान अर्जुनपुर डिहवा निवासी रमणीक तिवारी उर्फ रिप्पू तिवारी (25) के रूप में हुई। वह एक निजी गुटखा कंपनी में सेल्समैन थे। शुक्रवार को भी वह रोज की तरह तुलसीपुर से माल लेकर अपने बिक्री क्षेत्र की ओर जा रहे थे। हरैया तिराहे के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि रमणीक सड़क पर गिर पड़े और बस के पहिए की चपेट में आ गए। हेलमेट पहनने के बावजूद बस में फंसकर काफी दूर तक घसीटे जाने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची तुलसीपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त बस को भी कब्जे में ले लिया गया है। प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रोजी-रोटी की तलाश में निकले रिप्पू, शाम को पहुंची मौत की खबर
शुक्रवार सुबह रमणीक तिवारी उर्फ रिप्पू तिवारी रोज की तरह काम पर निकले थे। परिवार को उम्मीद थी कि वह शाम तक घर लौट आएंगे, लेकिन देर शाम सड़क हादसे में उनकी मौत की सूचना पहुंची। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
रिप्पू परिवार की आजीविका के लिए निजी गुटखा कंपनी में सेल्समैन का काम करते थे और प्रतिदिन विभिन्न क्षेत्रों में माल की आपूर्ति करते थे। शुक्रवार का यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित हुआ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हरैया तिराहा अत्यधिक व्यस्त चौराहा है। यहां भारी वाहनों की तेज रफ्तार और प्रभावी यातायात नियंत्रण के अभाव में आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
फोटो 24 रमणीक प्रसाद तिवारी। फाइल फोटो