बलरामपुर। एमएलके महाविद्यालय में शुक्रवार को नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियों को लेकर प्रॉक्टोरियल बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कॉलेज परिसर में अनुशासन व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा 27 जुलाई से शुरू होने वाली प्रथम वर्ष की कक्षाओं की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
प्राचार्य प्रो. जेपी पांडेय के निर्देशन तथा मुख्य नियंता प्रो. वीणा सिंह की अध्यक्षता में नियंता कक्ष में हुई बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कॉलेज परिसर में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्णतः रोक रहेगी। साथ ही नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को कॉलेज यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने के लिए दो सप्ताह का समय दिया जाएगा। इस अवधि में यूनिफॉर्म न होने पर उन्हें मुख्य द्वार पर नहीं रोका जाएगा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि नए विद्यार्थियों की सहायता और परिसर में अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सभी सदस्य प्रतिदिन सुबह 8:45 बजे से महाविद्यालय परिसर में मौजूद रहेंगे।
बैठक में डॉ. रमेश कुमार शुक्ला, डॉ. ओम प्रकाश सिंह, डॉ. अमित कुमार वर्मा, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. अनुज सिंह, डॉ. विनीत कुमार, संदीप कुमार यादव, दिनेश कुमार तथा डॉ. श्रीकृष्ण त्रिपाठी उपस्थित रहे।