बलरामपुर। पूरनपुर गांव में अज्ञात कारणों से लगी आग में पांच हजार नकदी समेत गृहस्थी का सारा सामान जलकर खाक हो गया है। पछुआ हवा तेज चलने के कारण ग्रामीणों को आग बुझाने में घंटों कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
हरैया थाना क्षेत्र के पूरनपुर निवासी रज्जब अली के घर में सोमवार को अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। पड़ोसी प्रभू के घर को भी आग ने अपने आगोश में ले लिया।
घर में रखा अनाज, कपड़ा व पांच हजार नकदी सहित सारा सामान जलकर खाक हो गया। पछुआ हवा तेज होने के कारण आग बुझाने में ग्रामीणों को काफी देर तक जूझना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया।
सूचना देने के बाद भी फायर ब्रिगेड की टीम न पहुंचने पर ग्रामीणों ने कड़ी नाराजगी जताई और मामले की शिकायत डीएम व एसपी से की। हल्का लेखपाल विनोद कुमार वर्मा ने क्षति का आंकलन करके उच्चाधिकारियों को भेज दी है।