बलरामपुर। बाजार में अवैध अतिक्रमण एवं सड़क की पटरियों पर ठेला लगने के कारण जाम की समस्या बढ़ती जा रही है। जाम के चलते यात्रियों को आवागमन में काफी असुविधा झेलनी पड़ती है। शाम के समय जाम की समस्या बढ़ जाती है। नगरवासियों ने जाम की समस्या से निजात दिलाए जाने के लिए अवैध अतिक्रमण हटवाए जाने तथा ठेला व्यापारियों के लिए स्थान निश्चित किए जाने की मांग की है।
नगर के हाटन रोड, ज्वाला महारानी मंदिर, श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौराहा व बी बाजार आदि स्थानों पर बेतरतीब खड़े वाहन, ई रिक्शा व ठेला आदि खड़े रहते है। सड़क की पटरियों पर दुकानें सजी रहती है। सड़क की पटरियों पर अवैध अतिक्रमण के चलते जाम की समस्या दिनों दिन बढ़ती जा रही है।
बाजार की सड़क संकरी होने के बावजूद भारी वाहन का प्रवेश भी घंटों जाम का कारण बनता है। अतिक्रमण हटवाने के नाम पर प्रशासन की तरफ से एक-दो दिन अभियान तो चलाया जाता है लेकिन अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई न होने से पुन: दुकानें सजा ली जाती है।
जगह-जगह सब्जी, फास्ट फूड व फल की दुकानें सड़क की पटरियों पर ही लगाई जा रही है। सड़क के दोनों तरफ की पटरियों पर दुकानें सजी होने केेेे कारण लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। शाम होते ही बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन जाता है।