फोटो-6-बलरामपुर में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष के आवास पर बैठक को संबोधित करते बसपा प्रदेश अध्यक
बलरामपुर। बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने मंगलवार को पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष किताबुनिशा के आवास पर बूथ-सेक्टर समीक्षा बैठक की। इसमें आगामी विधानसभा स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष ने बूथ और सेक्टर स्तर पर संगठन की स्थिति की जानकारी लेते हुए कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम की सफलता के लिए जिम्मेदारियां सौंपीं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। कहा कि पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने में बूथ और सेक्टर स्तर के कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
विश्वनाथ पाल ने बारह रबीउल अव्वल पर क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। बैठक में गैसड़ी क्षेत्र में 24 अगस्त को तेंदुए के हमले में मारी गईं 88 भेड़ों का मामला भी उठाया गया। उन्होंने खरगौरा निवासी भेड़ पालक कन्हैयालाल पाल और विजय पाल को प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि घटना से दोनों परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
इस अवसर पर मुख्य मंडल प्रभारी राजू गौतम, इरफान अहमद, लालचंद्र कोरी, बसपा नेता शाबान अली, जिलाध्यक्ष हरिराम बौद्ध, पिछड़ावर्ग जिलाध्यक्ष काशीराम समेत अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।