बलरामपुर। तुलसीपुर थाना क्षेत्र के हड़पुर जनकपुर गांव में संक्रामक रोग से पीड़ित किशोर की मौत हो गई। इससे गांव में हड़कंप मच गया है। संक्रामक रोग पर अंकुश पाने के लिए स्वास्थ्य टीम गांव में कैंप कर रही है।
हड़पुर जनकपुर निवासी हीरालाल ने बताया कि गुरुवार को उनके पुत्र संदीप (12) को अचानक उल्टी-दस्त आने लगे। इस पर वह संदीप को लेकर इलाज कराने के लिए सीएचसी तुलसीपुर ले जा रहे थे। मगर रास्ते में ही संदीप ने दम तोड़ दिया। बेटे के आकस्मिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
हीरालाल ने बताया कि गांव के बृज किशोर अपने पुत्र रामराज (13) का संक्रामक रोग से पीड़ित होने पर निजी अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। गांव के कई अन्य लोग भी संक्रामक रोग से पीड़ित हैं। इसकी सूचना पर तत्काल स्वास्थ्य टीम गांव में भेजी गई है।
सीएचसी तुलसीपुर अधीक्षक डॉ. सुमंत सिंह चौहान ने बताया कि स्वास्थ्य टीम को सतर्क कर दिया गया है। हड़पुर जनकपुर गांव में सभी मरीजों को निशुल्क दवाएं दी जा रही हैं। ग्रामीणों को साफ-सफाई रखने की सलाह दी जा रही है। पानी उबालकर पीने से संक्रामक रोग नहीं होता है। सीएचसी अधीक्षक ने ग्रामीणों से अपने घरों के आसपास गंदगी न पनपने देने की अपील की है। बीमारी होने पर तत्काल इलाज कराएं।