बलरामपुर। नेपाल के जनपद कपिलवस्तु थाना गनेशपुर के ग्राम अमरूतहवा डीहवा निवासी पीतांबर को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। 15 हजार रुपये का इनामी पशु तस्कर है। इसे पचपेड़वा की पुलिस ने भाथर पुल के पास नेपाल भागते समय पकड़ा है। आरोपी तस्कर की एक वर्ष से तलाश थी।
पचपेड़वा क्षेत्र के ग्राम इमिलिया कोडर निवासी पवन कुमार शुक्ल ने 29 दिसंबर 2024 को रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि 29 दिसंबर की रात करीब 12 बजे खेत में लगी फसल की रखवाली कर रहा था। तभी इमिलिया कोडर गांव के पास तीन लोग दो बैलों को पिटाई करते ले जा रहे थे। रोकने पर एक व्यक्ति भाग था। गांव के लोगों ने दो लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पचपेड़वा क्षेत्र के ग्राम धौबिलिया निवासी सुग्रीव प्रजापति व राजकुमार चौहान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके जेल भेज दिया। तीसरा व्यक्ति पचपेड़वा क्षेत्र के ग्राम सिसवा मेला निवासी राजकुमार चौहान भाग गया। दोनों ने पुलिस से बताया कि दोनों बैलों को जंगल के रास्ते नेपाल में बेचने के लिए जा रहे थे।
प्रभारी निरीक्षक ओम प्रकाश चौहान ने बताया कि 29 दिसंबर 2024 को सुग्रीव प्रजापति व राजकुमार और दो जनवरी 2025 को गुलाम वारिस उर्फ काकू को गिरफ्तार किया जा चुका है। दोनों बैलों को गोशाला में रखा गया है।