बलरामपुर। जेठ के पहले बड़े मंगल पर मंदिरों में बजरंग बली की पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। भक्तों ने वीर हनुमान को लड्डू का भोग लगाकर विधिविधान के साथ पूजा-अर्चना की और उनसे परिवार के लिए सुख-समृद्घि का आशीर्वाद मांगा। नगर में जगह-जगह भक्तों ने हलुआ, चना एवं पूड़ी-सब्जी का प्रसाद भी वितरित किया। इस दौरान मंगल को जन्मे, मंगल ही करते मंगलमय भगवान आदि भजन गूंजते रहे।
ज्येष्ठ के सभी मंगलवार को बड़े मंगल के रूप में मनाया जाता है। ऐसी मान्यता है कि ज्येष्ठ में पड़ने वाले सभी मंगलवार को बजरंग बली की सच्चे मन से पूजा करने पर भक्तों के सभी मनोरथ पूर्ण होते हैं। इसी मान्यता के अनुरूप पहले बड़े मंगल पर वीर विनय चौराहा स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर में बजरंग बली की पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लग गया। मंदिर में रामचरित मानस पाठ के साथ-साथ मंगलगान भी हुआ। उदासीन संगत गेल्हापुर मंदिर में मंदिर के महंत बृजानंद महराज ने हनुमानजी की पूजा-अर्चना करके बजरंग बली के महात्म की जानकारी भक्तों को दी।
नगर स्थित झारखंडी मंदिर, गोशाला भगवतीगंज एवं रानी तालाब मंदिर में भी हनुमान चालीसा, सुंदरकांड पाठ एवं भजन-र्कीतन का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त तुलसीपुर स्थित हनुमानगढ़ी व पंचमुखी हनुमान मंदिर सहित गैसड़ी, पचपेड़वा, हरैय्या, ललिया, मथुरा, शिवपुरा, गौरा, श्रीदत्तगंज, उतरौला, गैंड़ास बुजुर्ग, सादुल्लाहनगर एवं रेहरा बाजार में भी पहला बड़ा मंगल हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। लोगों ने बजरंग बली की पूजा कर अपने एवं परिवार के लिए मंगल कामना की।
जगह-जगह भक्तों ने बांटा प्रसाद
पहले बड़े मंगल पर मोहल्ला पहलवारा में एसएससी ग्रुप के चेयरमैन धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने भंडारे का आयोजन किया। गेल्हापुर मंदिर के महंत बृजानंद महराज, सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाशनाथ शुक्ल व भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह आदि ने बजरंग बली की पूजा-अर्चना करके भंडारे का शुभारंभ कराया। भाजपा मीडिया प्रभारी डीपी सिंह, डॉ. अजय सिंह पिंकू, संजय शुक्ला, शुभेंद मिश्रा गौरव, शिवम मिश्रा, बृजेंद्र तिवारी, राम कृपाल शर्मा, वरुण सिंह, झूमा सिंह, अविनाश मिश्र, ललिता तिवारी व राजाराम गौतम आदि ने प्रसाद ग्रहण किया। दीवानी न्यायालय परिसर में आयोजित भंडारे में प्रशासनिक न्यायमूर्ति सुभाष विद्यार्थी, जिला जज लल्लू सिंह, अध्यक्ष दुर्घटना बीमा प्राधिकरण अनिल कुमार झा, जिला बार संघ अध्यक्ष रामानंद मिश्रा, महामंत्री अजय बहादुर सिंह, कलेक्ट्रेट बार संघ अध्यक्ष दयाशंकर पांडेय, महामंत्री कमलेश्वर सिंह, युवा बार संघ अध्यक्ष अमित कुमार पांडेय व महामंत्री विवेक कुमार सिंह सहित तमाम वकीलों ने प्रसाद ग्रहण किया। एमएलके पीजी कॉलेज परिसर स्थित शिव मंदिर में बड़ा मंगल के अवसर पर भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. जेपी पांडेय एवं मुख्य नियंता प्रो. पीके सिंह ने बजरंग बली की पूजा-अर्चना कर किया। महाविद्यालय के सभी शिक्षक, कर्मचारी व विद्यार्थियों ने प्रसाद ग्रहण किया।