बलरामपुर। मरीजों को एक ही स्थान पर जांच की कई सुविधाएं देने के लिए लगाए गए हेल्थ एटीएम शोपीस साबित हो रहे हैं। किसी अस्पताल में लगा हेल्थ एटीएम खराब है तो कहीं अब तक मशीन स्थापित ही नहीं हो सकी है। जबकि अन्य पांच अस्पतालों में हेल्थ एटीएम पर सिर्फ छह तरह की जांच ही हो रही है। ऐसे में मरीजों को अन्य जांचों के लिए भटकना पड़ रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
सीएचसी तुलसीपुर, गैसड़ी, पचपेड़वा, शिवपुरा, पीएचसी गुगौली, रेहरा बाजार तथा शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर पर कुल सात हेल्थ एटीएम लगाए गए हैं। जिससे मरीज को एक ही स्थान पर बीपी, शुगर, वजन व ऑक्सीजन लेबल समेत करीब 32 प्रकार की जांच की सुविधा मिल सके, लेकिन इसकी हकीकत विभागीय दावों से अलग है। तीन माह पूर्व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रेहराबाजार को नई हेल्थ एटीएम मशीन मिली थी, लेकिन वह अब तक स्टॉल नहीं हो सकी है। जबकि सीएचसी पचपेड़वा में लगा हेल्थ एटीएम 29 अप्रैल से ही खराब है।
छह जांच तक सीमित है सुविधा
मंगलवार को सीएचसी गैसड़ी में हेल्थ एटीएम पर रक्तचाप, वजन, ऑक्सीजन लेवल, हीमोग्लोबिन व ऊंचाई की जांच होती दिखी। अधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि शुगर की किट समाप्त हो गई है। इसी तरह सीएचसी तुलसीपुर, शक्तिपीठ देवीपाटन, सीएचसी शिवपुरा व पीएचसी गुगौली में लगे हेल्थ एटीएम पर भी छह तरह की जांच ही हो रही है।
प्रशिक्षण के बाद शुरू होंगी सभी जांच
अस्पताल के एक स्टॉफ को प्रशिक्षण दिलाकर मरीज के लिए अति आवश्यक छह जांचें हेल्थ एटीएम पर शुरू करा दी गई हैं। अन्य जांचों के लिए मशीन उपलब्ध कराने वाली कंपनी से संपर्क किया जा रहा है। कंपनी के टेक्नीशियन को बुुलाकर अन्य जांचों के संबंध में जानकारी ली जाएगी। प्रशिक्षण के बाद सभी जांच शुरू करा दी जाएंगी।
- डॉ. सुशील कुमार, सीएमओ