रेहराबाजार। क्षेत्र के बूधीपुर ग्रामसभा के मजरा डबरिया निवासी 60 वर्षीय संतराम उर्फ संतू का शव शुक्रवार को कुआनो नदी में बलुआ घाट पुल के पास बरामद हुआ। वह 27 अक्तूबर को मछली पकड़ने के लिए नदी पर गए थे। इस दौरान गहरे पानी में जाने के बाद तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गए थे। उनकी तलाश में दो दिनों से अभियान चलाया जा रहा था।
परिजनों के मुताबिक, संतराम 27 अक्तूबर को दोपहर करीब एक बजे बलुआ घाट पर मछली पकड़ने गए थे। मछली पकड़ने के दौरान वह नदी के गहरे पानी में चले गए। इसी बीच तेज बहाव में बहकर लापता हो गए। इसके बाद पुलिस टीम और गोंडा की 30वीं बटालियन पीएसी की फ्लड कंपनी के गोताखोरों ने तलाश अभियान चलाया। कंपनी कमांडर सदानंद राय के नेतृत्व में गोताखोरों ने शुक्रवार को बलुआ घाट पुल के पास उनका शव बरामद किया। सीओ डॉ. जितेंद्र कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।