बलरामपुर। सड़क सुरक्षा माह का समापन समारोह शनिवार को एआरटीओ कार्यालय परिसर में हुआ। जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने कहा कि दुर्घटना की संभावना वाले 34 स्थान चिह्नित किए गए हैं। वहां सुरक्षा के प्रबंध किए गए हैं। चिकित्सकों की जिम्मेदारी तय की गई है। ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित 19 स्थानों में सुधार किया गया है। फुलवरिया चौराहा अतिक्रमणमुक्त कराकर बेहतर ढंग से बनाया गया है। यह मॉडल की तरह है। ऐसे ही अन्य स्थानों को भी सुरक्षित किया जा रहा है।
उन्होंने सड़क सुरक्षा माह के जागरूकता अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। अपील की कि जहां भी रहें वहां सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक कर रहे हैं। डीएम ने कहा कि अभियान का समापन हो रहा है लेकिन जागरूकता की दिशा में कार्य नियमित होने चाहिए। हादसे न होने पाए, इसके लिए सड़क पर निकलने वाले हर व्यक्ति को सोचना होगा। समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाषण और प्रस्तुतियों के माध्यम से सड़क सुरक्षा का प्रभावी संदेश दिया।
बच्चों ने सरल शब्दों में बताया कि हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों का पालन कर हादसों से बचा जा सकता है। उनकी प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने सराहा। कार्यक्रम के बाद बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे लोगों को मौके पर हेलमेट वितरित किए गए और आगे से नियमों का पालन करने की अपील की गई। इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व ज्योति राय, एएसपी विशाल पांडेय, सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी, एआरटीओ बृजेश यादव, यातायात प्रभारी उमेश सिंह, डीपीआरओ श्रेया उपाध्याय व एआरएम गोपीनाथ दीक्षित आदि मौजूद रहे।