तुलसीपुर (बलरामपुर)। पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद टीएमसी कार्यकर्ताओं की तरफ से की जा रही हिंसा के खिलाफ भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने टीएमसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पुतला भी फूंका। साथ ही टीएमसी कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
जिला महामंत्री विष्णु गुप्ता एवं बालापुर मंडल प्रभारी दिलीप कुमार गुप्ता की अगुवाई में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने हनुमानगढ़ी चौराहे पर विरोध प्रदर्शन करते हुए कहा कि चुनाव के बाद पश्चिम बंगाल में टीएमसी के कार्यकर्ता पूरी तरह हिंसक हो गए हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या, आगजनी व लूट की घटनाओं में टीएमसी के कार्यकर्ता शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अराजकता पर अंकुश लगाने के बजाए उनको संरक्षण देने का काम कर रही हैं। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने आक्रोश जताते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पुतला भी फूंका। मौके पर भाजयुमो के मंडल अध्यक्ष रामदयाल सोनी, उमंग लाठ, प्रदीप गुप्ता, राजू अग्रहरि, राजेश गुप्ता, अखिलेश पांडे, राधेश्याम गुप्ता, प्रदीप गोयल, राजेश भारती व अनूप गुप्ता सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।