बलरामपुर। भारतीय जनता पार्टी की तरफ से रविवार को गैसड़ी विधान सभा क्षेत्र के बालापुर व पिपरा मंडल में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में क्षेत्रीय विधायक ने केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बूथ अध्यक्षों को सदस्यता किट प्रदान किया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए गैसड़ी विधायक शैलेश कुमार सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार सबका साथ-सबका विकास के मूलमंत्र पर कार्य कर रही है। सरकार की तरफ से विकास कार्य व जन कल्याणकारी योजनाओं में किसी भी तरह का भेदभाव नही किया जा रहा है।
हर वर्ग के लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। कोरोना काल में योगी सरकार के कार्यो की सराहना देश ही नहीं बल्कि पूरा विश्व कर रहा है। कोरोना पर नियंत्रण का मामला हो या लोगों को सहायता देने की बात हो सबमें सरकार ने एतिहासिक कार्य किया।
उन्होंने बूथ अध्यक्षों को सदस्यता किट प्रदान करते हुए अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाने की बात कहीं। बताया कि केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी 17 नवंबर को तिलक इंटर कॉलेज में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद अजीज, गोविंद पांडेय, हरीश मिश्रा, सुधीर सिंह, रामदीन वर्मा, चित्रकूट वर्मा, किशोर यादव, इंद्रजीत साहू व लक्ष्मण लाल श्रीवास्तव सहित तमाम भाजपाई मौजूद रहे।