बलरामपुर के कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपते कांग्रेस के पदाधिकारी।-स्रोत: पार्टी
बलरामपुर। नेशनल हेराल्ड प्रकरण में सोनिया गांधी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को अभियुक्त बनाए जाने पर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। बुधवार को कलेक्ट्रेट में राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिवलाल ने कहा कि भाजपा सरकार देश में अप्रत्यक्ष रूप से आपातकाल लगा चुकी है। विपक्ष के नेताओं को एक-एक करके किसी न किसी मामले में ईडी व सीबीआई के माध्यम से परेशान कर रही है। देश को हिंदू-मुसलमान में बांटने का कुचक्र चल रहा है। कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को परेशान कर भाजपा सरकार उन्हें चुप कराना चाहती है।
मारकंडे मिश्र ने कहा कि केंद्र सरकार विपक्ष को कमजोर करने का षड्यंत्र कर रही है, जो कभी कामयाब नहीं होगा। उमाशंकर तिवारी ने कहा कि अगर हमारे शीर्ष नेताओं को दबाने का प्रयास किया गया तो हम लोग आरपार की लड़ाई लड़ेंगे। इस अवसर पर पूर्व ब्लाॅक प्रमुख राजबहादुर यादव, मीडिया प्रभारी घनश्याम मिश्र, रामपाल सिंह, राजेंद्र त्रिवेदी, डॉ. हामिद, खलीलुल्लाह व बृजेश चौहान आदि मौजूद रहे।