बलरामपुर। सरयू नहर परियोजना का लोकार्पण करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 दिसंबर को सदर ब्लॉक के हसुवाडोल गांव आएंगे। इस दौरान वह रैली को भी संबोधित करेंगे। पीएम की रैली को लेकर भाजपा की तरफ से भीड़ जुटाने की तैयारियां शुरू कर दी गई है। कार्यकर्ताओं को रैली तक पहुंचाने के लिए जिले के 1857 बूथों पर छोटी गाड़ी तथा 228 शक्ति केंद्रों पर एक-एक बस उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रधानमंत्री की रैली को लेकर रविवार को भाजपा कार्यालय अटल भवन में पार्टी पदाधिकारियों की एक बैठक हुई। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए बताया कि जिले में भाजपा के 22 मंडल अध्यक्ष व 22 मंडल प्रभारी के साथ 1857 बूथों पर बूथ अध्यक्ष, बूथ प्रभारी एवं बूथ महामंत्री के साथ 21 सदस्यीय बूथ समिति गठित है।
बूथ अध्यक्षों को बूथ समिति के सभी सदस्यों को पीएम की रैली में पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त जिले में भाजपा के 24 हजार पन्ना प्रमुख बने हैं। इन लोगों को भी रैली में खुद शामिल होने के साथ-साथ परिवार के सदस्यों, मित्रों व संबंधियों को भी शामिल कराने के लिए कहा गया है।
शक्ति केंद्र प्रभारियों को भी अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी गई है। जिला महामंत्री रवि मिश्रा व वरुण सिंह मोनू ने बताया कि कार्यकर्ताओं को रैली तक ले जाने व वापस घर पहुंचाने के लिए सभी 1857 बूूथों पर छोटी गाड़ियों तथा सभी 228 शक्ति केंद्रों पर एक-एक बस की व्यवस्था की जाएगी।
भाजपा पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री की रैली के बाद भारतीय जनता पार्टी की तरफ से लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करने के लिए 11,12 व 13 दिसंबर को जिले भर में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में भाजपा जिला मीडिया प्रभारी डीपी सिंह, नगर अध्यक्ष कृष्ण कुमार गुप्ता व बिंदू विश्वकर्मा सहित तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे। 11 दिसंबर को प्रधानमंत्री की रैली में भीड़ जुटाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक नयी पहल शुरू की है। भाजपा कार्यकर्ता नगर व बाजारों में अक्षत व हल्दी बांटकर लोगों को रैली में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।