महराजगंज तराई (बलरामपुर)। तेंदुए के हमले में बुधवार की शाम को घर जा रहे बाइक सवार पर घात लगाए बैठे तेंदुए ने झपट्टा मारकर घायल कर दिया। तेंदुए के हमले में बाइक सवार घायल हो गया।
थाना महराजगंज तराई के मैनहवा के ग्राम प्रधान इम्तियाज अहमद ने बताया कि ललिया थाना क्षेत्र के लैबुडवा निवासी बकरीदी (40) बाइक से मैनहवा गांव आए थे। घर वापस लौटते समय बकरीदी पर सर्रा गांव के पास पहले घात लगाए बैठे तेंदुए ने बकरीदी पर हमला कर दिया। बकरीदी के शोर मचाने पर गांव के लोग मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों को देखकर तेंदुआ मौके से भाग गया। बकरीदी को महराजगंज तराई के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। प्रभारी निरीक्षक थाना महराजगंज तराई राजेश कुमार ने बताया कि मामले की सूचना वन विभाग के अफसरों को दी गई है। शीघ्र ही तेंदुए को पकड़ कर जंगल की तरफ छोड़ा जाएगा। तेंदुए के पकड़े जाने तक लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।