बलरामपुर में बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी लेती महिलाएं ।- -स्रोत: विभाग
बलरामपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं को आसान और सुलभ बनाने के लिए जिले की 153 ग्राम पंचायतों में बीसी सखी की भर्तियां की जाएंगी। आवेदन की अंतिम तिथि जल्द घोषित की जाएगी, जबकि रिक्त पंचायतों की सूची संबंधित विकासखंड कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।
डीसी मनरेगा/एनआरएलएम सुशील अग्रहरि ने बताया कि बीसी सखी ग्रामीणों और बैंक के बीच सेतु की तरह काम करेंगी। माइक्रो एटीएम और हैंडहेल्ड उपकरण की मदद से बीसी सखी लोगों को घर पर ही जमा, निकासी, बैलेंस, सरकारी योजनाओं की धनराशि और अन्य बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराएंगी। इससे ग्रामीणों को बैंक शाखाओं तक बार-बार नहीं जाना पड़ेगा और समय व खर्च दोनों की बचत होगी।
जिला मिशन प्रबंधक विवेक गोदर ने बताया कि इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था में तेजी आएगी और महिलाओं को रोजगार का अवसर भी मिलेगा। बीसी सखी वही महिलाएं बन सकती हैं जो स्वयं सहायता समूह की सदस्य, 12वीं पास, 18 से 40 वर्ष आयु की हों और मोबाइल व इंटरनेट की जानकारी रखती हों। साथ ही आवेदिका उसी ग्राम पंचायत की निवासी होनी चाहिए और पूरे पंचायत क्षेत्र में भ्रमण करने के लिए तैयार हो। इच्छुक महिलाएं अपने स्वयं सहायता समूह के माध्यम से आवेदन देंगी। चयन सीडीओ की अध्यक्षता वाली समिति द्वारा लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा।